नई दिल्ली, 28 सितंबर । सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के अधिकारियों और कर्मचारियों की यूनियनों ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए)के साथ बातचीत के बाद प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल टाल दी है। हड़ताल टलने के बाद सोमवार को बैंक खुले रहेंगे और सामान्य रूप से कामकाज होगा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू)ने सोमवार से तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया था। यह हड़ताल बैंकों के छमाही क्लोजिंग के समय प्रस्तावित थी। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन काम करने की व्यवस्था लागू करना शामिल है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, रविवार देर रात आईबीएके साथ हुई बातचीत में बैंक यूनियनों को उनकी मांगों पर आश्वासन मिला, जिसके बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
यूएफबीयू ने एक बयान में कहा कि बाकी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी। समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा के बाद ऐसा समाधान तलाशेगी, जो हितधारकों और विशेष रूप से ग्राहकों के लिए स्वीकार्य हो।