बलिया में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घरों में घुसा पानी

बलिया, 01 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में गंगा नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण मंगलवार को शहर के निचले हिस्सों में बाढ़ का पानी घरों में घुसने लगा। कई घरों से लोग ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे। इसकी सूचना पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।

गंगा में जलस्तर काफी तेज बढ़ रहा है, जिसके कारण शहर के निचले इलाकों में रास्ते पर पानी भरा होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। डीएम ने मौके पर बाढ़ की स्थिति देखी। उन्हे लेखपाल और कानूनगो ने बताया कि नगर के वार्ड नंबर 24 में करीब 50 घरों में पानी पहुंच गया है, जबकि वार्ड नंबर 11 में कुछ ही घर प्रभावित हुए हैं। जिलाधिकारी ने लेखपाल को निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में सर्वे कर यह रिपोर्ट तैयार की जाए कि कितने मकानों में पानी पहुंचा है, कितने घर सुरक्षित और कितनी गर्भवती महिलाएं प्रभावित क्षेत्रों में हैं।

यारपुर के बाढ़ पीड़ितों ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि संबंधित लेखपाल क्षेत्र में निरीक्षण करने नहीं आए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कानूनगो को वजीरापुर गांव का भी विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों का व्यापक सर्वे कराया जाए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में सर्वे कराकर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित लेखपाल नियमित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं या नहीं। इसकी रिपोर्ट भी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए राहत एवं आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं और सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एसडीएम सदर, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.