बलूचिस्तान के सुराब में पाकिस्तानी हवाई हमले का दावा, 30 से अधिक लोगों की मौत का दावा

इस्लामाबाद/सुराब, 12 अगस्त । पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के सुराब इलाके में कथित पाकिस्तानी हवाई हमले को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ‘द रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान’ की ओर से जारी बयान में दावा किया गया है कि सुराब के गुदार इलाके में पाकिस्तानी वायुसेना ने नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाकर बमबारी की, जिसमें 30 से अधिक लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

बयान में हमले के दौरान महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिकों के मारे जाने का दावा किया गया है। संगठन ने दावा किया कि पाकिस्तानी आर्मी और वायुसेना ने सुराब तथा आसपास के इलाकों में व्यापक बमबारी और गोलीबारी की, जिससे नागरिकों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा।

संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि घायल नागरिकों को सुरक्षा बलों ने हिरासत में लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य से भी रोक दिया गया। अस्पतालों के कथित तौर पर सैन्यकर्मियों से घिरे होने और डॉक्टरों पर दबाव बनाए जाने का दावा किया गया है।

इसके अलावा, स्थानीय निवासियों के हवाले से ड्रोन और कोबरा गनशिप हेलीकॉप्टरों के इलाके में गश्त करने की बात कही गई है। संगठन का दावा है कि इंटरनेट सेवाएं पहले से बंद हैं और घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाने के कारण भी कुछ लोगों की मौत हुई।

‘द रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान’ ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मामले का संज्ञान लेने और बलूच नागरिकों के जीवन तथा मौलिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की है।

सुराब और आसपास के क्षेत्रों में हाल के महीनों में सुरक्षा अभियानों और हिंसक घटनाओं की खबरें सामने आई हैं। जुलाई 2026 में पाकिस्तान की सेना ने सुराब और मस्तुंग में अभियानों के दौरान 10 संदिग्ध आतंकियों के मारे जाने का दावा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.