कचहरी परिसर में चला सफाई अभियान, महापुरुषों की प्रतिमाओं की हुई धुलाई

अयोध्या, 29 अक्टूबर I दीपोत्सव के पूर्व स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार को अयोध्या कचहरी परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार की अगुवाई में नगर निगम की टीम ने परिसर की सफाई करने के साथ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों की प्रतिमाओं की धुलाई की।

सुबह करीब आठ बजे कचहरी परिसर पहुंचे महापौर ने नगर आयुक्त और नगर निगम की टीम के साथ झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने परिसर का भ्रमण कर सफाई कार्यों का जायजा भी लिया। अभियान के दौरान चूने का छिड़काव करने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया।

कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की धुलाई की गई। इसके बाद महापौर और नगर आयुक्त स्वतंत्रता सेनानी भवन पहुंचे। यहां आचार्य नरेंद्र देव, रमानाथ मेहरोत्रा और डॉ. राममनोहर लोहिया की प्रतिमाओं की सफाई की गई। स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्मृति पट्टिका को भी साफ किया गया। परिसर में स्थित जल प्याऊ के आसपास उगे खरपतवार को हटाया गया।

महापौर ने परिसर के शौचालयों की स्वच्छता का भी निरीक्षण किया। कैंटीन के पीछे यूरिनल बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, ताकि परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।

अभियान में पार्षद सुशील मिश्र बबलू, पार्षद अनीता द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, चिंतन संस्था के आलोक सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, सतीश पांडेय, चंद्रशेखर तिवारी, अवनीश मिश्र, सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रप्रीत सिंह बेदी, रुचिरा सिंह, आशीष कौर और मीना यादव मौजूद रहे।

व्यापारियों एवं साकेत महाविद्यालय में संपर्क कर महापौर ने 31 के लिए मांगा सहयोग

महापौर ने सर्किट हाउस में शहर के प्रमुख उद्योगपतियों, होटल व्यवसायियों, व्यापारी नेताओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उनसे आगामी 31 अक्टूबर को अयोध्या में चलाए जाने वाले मां सरयू महास्वच्छता अभियान में भागीदारी के लिए सहयोग मांगा।

इसके पूर्व उन्होंने साकेत महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. दानपति तिवारी एवं प्राध्यापकों से मुलाकात कर अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।

इस दौरान डॉ. एके राय, डॉ. फौजदार यादव, डॉ. आशीष सिंह, डॉ. अजय सिंह, डॉ. एके मिश्र, डॉ. सुधीर राय आदि मौजूद थे।

सर्किट हाउस में हुई बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय गुप्ता, होटल व्यवसाय शरद कपूर, अरुण अग्रवाल, दिनेश सिंह, स्वामीनाथ सिंह, पार्षद ज्ञान केसरवानी, सुशील मिश्र बब्लू, अनीता द्विवेदी, योगेश्वर सिंह, आलोक सिंह, कुछपल फाउंडेशन की नीलम मध्याह्न आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.