नई दिल्ली, 19 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जापान के आइची-नागोया में शुरू हुए एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पूरे देश को उन पर गर्व है और वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”आइची-नागोया में एशियाई खेलों की शुरुआत के साथ ही, मैं भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। हर खिलाड़ी ने कड़ी मेहनत की है और अद्भुत लगन व दृढ़ संकल्प दिखाया है। भारत को उन पर गर्व है। वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, अच्छा खेलें और शानदार सफलता हासिल करें।”
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी भारतीय दल का हौसला बढ़ाया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “मंच तैयार है। जोश बुलंद है। टीम इंडिया एशियन गेम्स 2026 में धूम मचाने के लिए तैयार है।”
एशियन गेम्स 2026 का शनिवार को आधिकारिक रूप से आगाज हो गया। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में एशिया के विभिन्न देशों से पहुंचे खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए।
उद्घाटन समारोह में भारतीय दल ने पूरे जोश के साथ मार्च किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय दल की अगुआई करते नजर आए। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ मार्च किया।
एशियन गेम्स 2026 में भारत के 500 से ज्यादा खिलाड़ी 36 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। भारत ने पिछले एशियन गेम्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 107 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे। इस बार भी भारतीय दल इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में उतरा है।