नगरीय निकाय चुनाव : गुरुवार को भी नाम वापस ले सकेंगे अभ्यर्थी

अजमेर, 02 सितंबर । नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले के 315 शहरी वार्डों के निर्वाचन के लिए अभ्यर्थी गुरुवार, 3 सितंबर को भी नामांकन वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया अपराह्न तीन बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष होगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि जिले में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। प्रथम चरण में 9 सितंबर को पीसांगन के 25, नसीराबाद के 20, केकड़ी के 40, सरवाड़ के 25, टांटोटी के 20 और सावर के 20 वार्डों में मतदान होगा। द्वितीय चरण में 11 सितंबर को अजमेर नगर निगम के 80, किशनगढ़ नगर परिषद के 60 और पुष्कर नगर परिषद के 25 वार्डों में मतदान कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची और चुनाव चिह्नों का आवंटन 4 सितंबर को अपराह्न तीन बजे के बाद किया जाएगा। ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन 5 सितंबर को होगा। प्रथम चरण के मतदान दलों का तृतीय रेंडमाइजेशन 7 सितंबर और द्वितीय चरण के मतदान दलों का तृतीय रेंडमाइजेशन 9 सितंबर को किया जाएगा।

प्रथम चरण के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण, ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री वितरण तथा दलों की रवानगी 8 सितंबर को होगी। द्वितीय चरण के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण, सामग्री वितरण और रवानगी 10 सितंबर को होगी। मतगणना दलों का प्रशिक्षण 12 सितंबर को होगा और दोनों चरणों के वार्डों की मतगणना 14 सितंबर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 15 सितंबर को निर्वाचित सदस्यों को बैठक का नोटिस दिया जाएगा। नामांकन पत्र 16 सितंबर तक दाखिल किए जा सकेंगे। इनकी संवीक्षा 17 सितंबर को होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर अपराह्न तीन बजे तक रहेगी। इसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक तथा आवश्यक होने पर मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद होगी।

उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा। नामांकन सुबह 11 बजे तक, संवीक्षा 11.30 बजे से और अभ्यर्थिता वापसी दोपहर दो बजे तक होगी। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 2.30 बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा और मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.