आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों ने किया तहसील दिवस का बहिष्कार

जौनपुर, 03 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आठ सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को लेखपालों ने तहसील दिवस का बहिष्कार किया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित तहसील सभागार में तहसील अध्यक्ष विक्रांत सिंह चौहान के नेतृत्व में सैकड़ों लेखपालों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।

तहसील अध्यक्ष विक्रांत सिंह चौहान ने कहा कि लेखपालों पर लगातार काम का बोझ बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुरूप संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। पदोन्नति में देरी और वेतन विसंगति को लेकर भी लेखपालों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि लेखपाल लंबे समय से 2800 ग्रेड पे और वेतन विसंगति दूर करने की मांग कर रहे हैं। राजस्व परिषद की सिफारिश के बावजूद लेवल-5 (ग्रेड पे 2800) को लेकर निर्णय नहीं लिया गया है।

उन्होंने बताया कि करीब 2700 लेखपाल अपने गृह मंडल से दूर तैनात हैं। पिछले आठ वर्षों से स्थानांतरण नहीं होने के कारण उन्हें पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लेखपालों ने पदोन्नति सूची जारी करने में हो रही देरी का भी मुद्दा उठाया। उनके अनुसार पदोन्नति सूची करीब 12 माह से लंबित है। नए लेखपालों की प्रशिक्षण परीक्षा के परिणाम और प्रमाण पत्र भी लंबे समय से जारी नहीं किए गए हैं, जिससे उनके स्थायीकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

प्रदर्शन कर रहे लेखपालों ने कहा कि पिछले 16 वर्षों से विभिन्न भत्तों में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने शासन से सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.