आमेर किले में साकार हुआ राजस्थानी विरासत और आधुनिक फैशन का संगम

जयपुर, 24 अक्टूबर । ऐतिहासिक आमेर किले के शाही आंगन में राजस्थानी संस्कृति, पारंपरिक शिल्पकला और समकालीन फैशन का अनूठा संगम देखने को मिला। पर्यटन और पुरातत्त्व विभाग के सहयोग से आयोजित अरबेनिया ज्वैल्स प्रेजेंट्स ‘हैरिटेज डोर सीजन-3’ में 150 से अधिक महिला और पुरुष मॉडल्स ने छह सीक्वेंस में पारंपरिक एवं आधुनिक परिधानों के साथ शाही आभूषणों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी रहीं। पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता सहित फैशन, कला और संस्कृति जगत से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।

आयोजक शिवाली गुप्ता, सोनाली खंडेलवाल और प्रिया दीवान ने बताया कि शो डायरेक्टर अभिमन्यु सिंह तोमर के निर्देशन में आयोजित फैशन शो में आमेर महल के गणेश पोल, सूरजपोल, चांदपोल, शीशमहल, जनाना महल, केसर क्यारी, सुख निवास और चार बाग जैसे ऐतिहासिक स्थलों से प्रेरित परिधान एवं आभूषण प्रस्तुत किए गए। आयोजन में पारंपरिक भारतीय कारीगरी को आधुनिक डिजाइनों के साथ पेश किया गया।

‘गणेश पोल’ सीक्वेंस में प्रताप संस के डिजाइनर कुल प्रकाश तनेजा और प्रेमप्रकाश तनेजा के पारंपरिक साड़ी, इंडो-वेस्टर्न लहंगा और स्मार्ट कैजुअल परिधानों के साथ माधुरी धूत की ब्राइडल ज्वैलरी प्रदर्शित की गई। ‘सूरजपोल’ और ‘चांदपोल’ सीक्वेंस में अरबेनिया ज्वैल्स के गौरव जौहरी की डिजाइन की कुंदन, मीनाकारी और टेंपल ज्वैलरी को जोधपुर की दस्तकारी और प्रताप संस की कांजीवरम साड़ियों के साथ प्रस्तुत किया गया।

‘शीशमहल’ सीक्वेंस में फैशन डिजाइनर दिग्विजय सिंह राठौड़ के पुरुष परिधान संग्रह के साथ रायु बाय टाटीवालाज गहना की डिजाइनर श्वेता और सपना टाटीवाला की रत्न जड़ित ज्वैलरी प्रदर्शित हुई। वहीं, ‘जनाना महल’ सीक्वेंस में अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर गजल मिश्रा का ‘पहरन’ संग्रह आकर्षण का केंद्र रहा। उनके परिधानों में सोने, चांदी और पीतल के धागों के साथ जरदोजी, आरी-तारी और पारंपरिक कढ़ाई का काम देखने को मिला। इस सीक्वेंस में केके ज्वैल्स के मनीष और संदीप खूंटेटा की हीरे, सोने और पोलकी ज्वैलरी भी प्रदर्शित की गई।

‘केसर क्यारी’ सीक्वेंस में अनायसा की डिजाइनर आतिशा कपूर और दामिनी गुप्ता ने आधुनिक महिला की पसंद और शाही परंपराओं को ध्यान में रखकर परिधान प्रस्तुत किए। इनके साथ गौरी ज्वेलर्स की गौरी माहेश्वरी के समकालीन आभूषणों ने आकर्षण बढ़ाया। जयपुर परफ्यूम्स की निदेशक मुस्कान वाधवानी ने केसर और अन्य फूलों से बने इत्र की खुशबू से माहौल को खास बनाया।

‘सुख निवास’ सीक्वेंस में कोजागिरी बाय धागा की फैशन डिजाइनर वैशाली गुप्ता और अर्चना डंगायच ने फ्लप्पा और गोटा-पत्ती की पारंपरिक कारीगरी से सजे परिधान प्रस्तुत किए। इनके साथ मान्यश्री ज्वैल्स के श्याम शत्रुघ्न सिन्हा के दुल्हन के आभूषणों का संयोजन देखने को मिला।

फैशन शो के अंतिम सीक्वेंस ‘चार बाग’ में मुगल और राजपूती स्थापत्य कला से प्रेरित शाही अंदाज प्रस्तुत किया गया। फैशन डिजाइनर ऋषि और विभूति ने रचनात्मक आधुनिक डिजाइनों वाले परिधान प्रदर्शित किए। इनके साथ कॉन्शियस कैरेट के विपुल अग्रवाल और अग्रवाल एंड कंपनी बाय नारायण ज्वेलर्स की पोलकी, प्रयोगशाला में निर्मित हीरों और समकालीन आभूषणों के संग्रह ने प्रस्तुति को खास बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.