नई दिल्ली, 28 नवंबर । दिल्ली पुलिस ने राऊज एवेन्यू कोर्ट को बताया है कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का नाम, 1983 में भारतीय नागरिकता मिलने से तीन साल पहले ही मतदाता सूची में शामिल किए जाने के आरोपों वाली शिकायत को संबंधित पुलिस थाने में भेज दिया गया है। एडिशनल चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट विनोद जोशी ने मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को करने का आदेश दिया।
दिल्ली पुलिस की ओर से दाखिल एक्शन टेकन रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले को आईपी इस्टेट थाने से तुगलक रोड पुलिस थाने को भेज दिया गया है क्योंकि ये मामला उसी थाना क्षेत्र का है। इस पर कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से पूछा कि कानून के किस प्रावधान के तहत इस मामले को तुगलक रोड थाने भेजा गया है।
इसके पहले कोर्ट ने 18 नवंबर को दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट तलब किया था। 18 नवंबर को शिकायतकर्ता और वकील विकास त्रिपाठी ने 1980, 1981 और 1983 की सत्यापित मतदाता सूचियों की प्रतियां जमा की थीं। 21 सितंबर को स्पेशल जज विशाल गोगने ने मामला मजिस्ट्रेट को वापस भेजते हुए कहा था कि इस पर दोबारा विचार करें और तर्कसंगत आदेश पारित करें। विशाल गोड़ने ने कहा था कि मजिस्ट्रेट कोर्ट का आदेश तर्कसंगत नहीं है।
मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश को वकील विकास त्रिपाठी ने सेशंस कोर्ट में चुनौती दी थी। इसके पहले 11 सितंबर को एडिशनल चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट वैभव चौरसिया ने याचिका खारिज कर दी थी। याचिका में कहा गया था कि वोटर लिस्ट में सोनिया गांधी का नाम 1980 में ही जुड़ गया था जबकि वो 1983 में भारत की नागरिक बनीं।
याचिका में कहा गया था कि सोनिया गांधी का नाम दिल्ली के नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के वोटर लिस्ट में 1980 में ही जुड़ गया था जबकि वे उस समय भारत की नागरिक भी नहीं थीं। बीच में सोनिया गांधी का नाम वोटर लिस्ट से 1982 में हटाया गया और बाद में 1983 में फिर नाम जोड़ा गया। सोनिया गांधी भारत की नागरिक 1983 में बनीं।
याचिका में कहा गया था कि सोनिया गांधी ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन भी अप्रैल 1983 में दिया था। याचिका में कहा गया था कि जब सोनिया गांधी 1983 में भारतीय नागरिक बनीं तो 1980 में वोटर लिस्ट में जोड़ने के लिए कुछ फर्जी दस्तावेज दिए गए होंगे, जो कि एक संज्ञेय अपराध है। ऐसे में कोर्ट सोनिया गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दे। मजिस्ट्रेट कोर्ट ने इस मामले पर न तो सोनिया गांधी को नोटिस जारी किया था और न ही दिल्ली पुलिस को।