बच्चे को लेकर ससुर ने बहू के प्रेमी की हत्या की, बहू गंभीर रूप से घायल

बांदा, 28 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बच्चे को अपने पास रखने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी शुक्रवार देर रात हत्या की वारदात में बदल गई। विवाद के दौरान पहुंचे महिला के पूर्व ससुर ने लोहे की सांग से उसके प्रेमी और उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपित सहित दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम चौसड़ निवासी 42 वर्षीय विद्या के पति कल्लू की करीब तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी। उसके चार बच्चे हैं। पति की मृत्यु के बाद विद्या अपने पड़ोसी राममनोहर के साथ रहने लगी थी। राममनोहर पहले से शादीशुदा था। इसी बात को लेकर विद्या के पूर्व ससुर राजकरन चौकीदार और राममनोहर के बीच लंबे समय से तनातनी चलने लगी। तभी विद्या अपने बच्चों को छोड़कर राममनोहर के साथ दूसरे शहर चली गई। इसके बाद राजकरन अपने चारों पोतों को अपने पास रखने लगा था। उधर, राममनोहर के दूसरी महिला के साथ रहने से नाराज उसकी पत्नी गीता भी अपने बेटों के साथ हरियाणा चली गई, जहां वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रही है।

बीती 19 नवंबर को राममनोहर अपनी प्रेमिका विद्या को लेकर गांव लौट आया और पत्नी गीता के कमरे में लगे ताले को तोड़कर उसी में उसके साथ रहने लगा। शुक्रवार की सुबह विद्या अपने पूर्व ससुर राजकरन के घर पहुंची और सास से विवाद करने के बाद अपने छोटे बेटे को घसीटते हुए अपने साथ ले आई। इसी दौरान राममनोहर ने भी राजकरन की पत्नी के साथ गाली-गलौज की थी। इस घटना से राजकरन नाराज था।

शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे वह राममनोहर के घर पहुंचा और छोटे नाती को वापस करने के साथ ही दोबारा उसके घर आकर अभद्रता न करने की चेतावनी देने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इतने में ही राजकरन को वहां रखी लोहे की सांग मिल गईख् जिससे उसने राममनोहर और विद्या पर एक के बाद एक कई वार कर दिए।

हमले में दोनों गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राममनोहर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विद्या को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.