स्वच्छ एवं सुंदर अयोध्या के लिए नागरिक सुविधाओं का हाे रहा विस्तार : महापौर

अयोध्या, 19 नवंबर । विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर बुधवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नयाघाट स्थित पार्किंग परिसर में नगर निगम की ओर से नवनिर्मित अत्याधुनिक शौचालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम अधिकारियों एवं पार्षद अंकित त्रिपाठी के साथ शौचालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि अयोध्या अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और आस्था का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रही है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आगमन होता है। ऐसे में नगर निगम का दायित्व है कि शहर में स्वच्छता के साथ नागरिकों और आगंतुकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। नयाघाट जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर अत्याधुनिक शौचालय का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ और सुविधाजनक शौचालयों की उपलब्धता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर निगम अयोध्या को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग करने और उनकी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सहायक अभियंता राजपति यादव, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, भाजपा नेता श्रीनिवास शास्त्री उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.