जयपुर, 17 नवंबर । एपेक्स हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित 60 वर्षीय बुजुर्ग की रोबोटिक सर्जरी कर सफल उपचार किया। वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ जैन के निर्देशन में करीब चार घंटे तक चली सर्जरी के दौरान मरीज का प्रोस्टेट हटाया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य रही और उसे तीन दिन बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि मरीज प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित था और काफी समय से परेशानी का सामना कर रहा था। रोबोटिक सर्जरी के दौरान तकनीक की सटीकता से पेशाब की नली (यूरेथ्रा) की लंबाई को सुरक्षित रखने में मदद मिली। इसके चलते ऑपरेशन के बाद कैथेटर हटाए जाने पर मरीज को पहले ही दिन से पेशाब के रिसाव यानी यूरिन लीकेज की समस्या नहीं हुई और पेशाब पर नियंत्रण बना रहा।
डॉ. जैन के अनुसार सामान्य तौर पर प्रोस्टेट कैंसर के इस ऑपरेशन के बाद कुछ मरीजों को लंबे समय तक यूरिन लीकेज की समस्या हो सकती है। कई मामलों में यह समस्या एक साल तक बनी रह सकती है। हालांकि, इस मरीज में रोबोटिक सर्जरी की सटीकता के कारण ऑपरेशन के पहले दिन से ही पेशाब पर पूरा नियंत्रण रहा।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए, ताकि बीमारी की पहचान और उपचार समय पर हो सके। इससे इलाज के दौरान आने वाली समस्याओं का भी बेहतर तरीके से प्रबंधन किया जा सकता है।