नई दिल्ली, 15 नवंबर । मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार शाम होटल निर्माण के दौरान एक इमारत की दूसरी मंजिल का लिंटर डालते समय उसका एक हिस्सा ढह गया। हादसे में वहां काम कर रहे आठ लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार को पहाड़गंज थाने में इमारत का हिस्सा गिरने की पीसीआर कॉल मिली थी। हादसा काशेरूवालान, संगतराशन स्थित प्रॉपर्टी नंबर 3992-3993 में हुआ। यह जगह सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। जांच में पता चला कि इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था। रविवार शाम दूसरी मंजिल की छत का लिंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया।
इस हादसे में मलबे और निर्माण स्थल पर मौजूद शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहैल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंत्सु (40) घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ घायलों को फ्रैक्चर आए हैं, जबकि कुछ को मामूली चोटें लगी हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में इमारत के सहायक खंभे गीले पाए गए और भवन झुका हुआ नजर आया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि लिंटर गिरने की असल वजह क्या थी। पुलिस निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।