केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पनामा सिटी में आईसीसीए कांग्रेस में किया भारत का प्रतिनिधित्व

जोधपुर, 10 नवम्बर । जोधपुर के सांसद एवं केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत लंदन दौरे के बाद पनामा सिटी पहुंचे। वहां आयोजित 65वीं इंटरनेशनल कांग्रेस एंड कन्वेंशन एसोसिएशन (आईसीसीए) कांग्रेस में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने पनामा सिटी में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ दीपावली मनाई और देश-प्रदेशवासियों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

पनामा सिटी में आयोजित आईसीसीए कांग्रेस के वैश्विक मंच पर भारत में एमआईसीई (बैठकें, प्रोत्साहन यात्राएं, सम्मेलन एवं प्रदर्शनियां) पर्यटन की संभावनाओं और इस क्षेत्र में देश की बढ़ती भूमिका पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और व्यावसायिक आयोजनों के लिए भारत को प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि भारत में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और व्यावसायिक आयोजनों के आयोजन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजन देश में निवेश आकर्षित करने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए वैश्विक उद्योग जगत के साथ निरंतर संवाद और नई अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां विकसित करना आवश्यक है।

भारतीय पर्यटन के भविष्य और वैश्विक आयोजनों में देश की भागीदारी के महत्व को देखते हुए शेखावत की इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मौजूदगी महत्वपूर्ण रही।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पनामा में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने इस अवसर को यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि भारत से हजारों मील दूर रहने के बावजूद भारतीय समुदाय ने जिस आत्मीयता, प्रेम और उत्साह के साथ देश के त्योहारों और परंपराओं को संजोकर रखा है, वह सराहनीय है। अपनी मातृभूमि के प्रति उनका प्रेम और जुड़ाव हृदय को छू लेने वाला है।

शेखावत ने कहा कि भारतीय समुदाय के लोगों ने जिस गर्मजोशी और स्नेह के साथ उनका स्वागत किया, उससे पनामा में भी घर से दूर अपनों के बीच होने का एहसास हुआ। सभी ने इस अवसर को परिवार के साथ दीपावली मनाने जैसा बना दिया। उन्होंने इस अविस्मरणीय संध्या और मिले स्नेह के लिए पनामा के समस्त भारतीय समुदाय का आभार व्यक्त किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक आयोजनों और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के लिए दुनिया के पसंदीदा गंतव्यों में अग्रणी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। भारत की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन विविधता और आधुनिक सुविधाओं को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.