नई दिल्ली, 07 नवंबर । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली के पावन पर्व पर दिल्लीवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीपों और रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि आशा, विश्वास, आत्मीयता और नए संकल्पों का पर्व है। मां लक्ष्मी की आराधना से जुड़ा यह त्योहार हमें समृद्धि के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मेरा परिवार है और इस परिवार के प्रत्येक सदस्य का बेहतर जीवन, सुरक्षित भविष्य और सम्मान मेरी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेकर हम विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और दिल्ली आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण, बेहतर बुनियादी ढांचे तथा आर्थिक अवसरों के साथ देश की अग्रणी राजधानी बने।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे दीपावली को पर्यावरण के अनुकूल और सुरक्षित तरीके से मनाएं। निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्रीन पटाखों का उपयोग करें। दीयों की पारंपरिक रोशनी, रंगोली, मिठाइयों और आपसी मेल-मिलाप से त्योहार की खुशियां बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए मेट्रो विस्तार की योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। मेट्रो के फेज-5 (ए) में 16.076 किलोमीटर की तीन नई कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी मिलना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी-2026 के माध्यम से स्वच्छ और शून्य उत्सर्जन वाले परिवहन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस वर्ष सरकार ने 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य भी पार किया है। अब हमारा संकल्प इन पौधों को सुरक्षित रखने और उन्हें पेड़ों के रूप में विकसित करने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प दिल्ली को केवल देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे और नागरिकों के लिए बेहतर जीवन स्तर वाली विकसित राजधानी बनाना है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का विस्तार और आधुनिक यातायात प्रबंधन से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया जा रहा है। यमुना को निर्मल बनाने, सीवर व्यवस्था के आधुनिकीकरण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां लक्ष्मी का पर्व हमें आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता का संदेश भी देता है। इसी भावना के अनुरूप दिल्ली सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल कर रही है। वहीं, दिल्ली लखपति बिटिया योजना के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और उच्च अध्ययन तक आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल बड़ी परियोजनाएं बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसी उद्देश्य से सरकार ने ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’ की भावना के अनुरूप नई पुनर्वास नीति अधिसूचित की है, जिसके माध्यम से पात्र झुग्गीवासियों को सम्मानजनक पक्के आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी, सीवर और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी सुविधाओं को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने ने दिल्लीवासियों से आह्वान किया कि वे प्रेम, सद्भाव, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि आइए, इस दीपावली पर हम सब मिलकर ऐसी दिल्ली बनाने का संकल्प लें, जहां हर घर में खुशहाली हो, हर बेटी के सपनों को उड़ान मिले, हर परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जिए तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित दिल्ली विरासत में मिले।