शहर में खाली भूखंड में कचरा मिला तो सीज होगा प्लॉट, मालिक पर दोगुने जुर्माने की पड़ेगी मार

डूंगरपुर, 09 अक्टूबर । शहर में खाली भूखंडों को कचरा घर बनाने वाले मालिक अब सावधान हो जाएं। नगर परिषद की बार-बार चेतावनी के बावजूद सफाई नहीं कराने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सभापति सुशीला गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गंदगी मिलने पर परिषद खुद सफाई कराएगी, भूखंड पर अपना बोर्ड लगाएगी और सफाई खर्च के साथ जुर्माना भी वसूलेगी। तय समय में राशि जमा नहीं कराने पर जुर्माना दोगुना करने के बाद भूखंड सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।

शहर के कई इलाकों में खाली भूखंड कचरा जमा होने से गंदगी के केंद्र बन गए हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। परिषद की ओर से पहले भी भूखंड मालिकों को सफाई कराने के लिए कहा गया, लेकिन कई जगह हालात नहीं सुधरे। अब परिषद ऐसे मामलों में केवल नोटिस देकर नहीं रुकेगी, बल्कि सफाई से लेकर जुर्माना वसूली और सीज करने तक की कार्रवाई करेगी।

कार्रवाई के लिए राजस्व निरीक्षक हितेश रोत के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। नगर परिषद आयुक्त ललित सिंह देथा ने बताया कि सभापति के निर्देश पर रोजाना निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। कुछ भूखंडों की सफाई कराकर वहां परिषद के बोर्ड लगाए गए हैं, लेकिन संबंधित मालिक जुर्माना जमा कराने के लिए सामने नहीं आए हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।

नगर परिषद ने भूखंड मालिकों से तत्काल सफाई कराने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। लापरवाही करने वालों को अब आर्थिक दंड और सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.