कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र नहीं बचा, हरीश रावत को यात्रा की भी आजादी नहीं : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 05 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र की बात करने वाली कांग्रेस में ही आंतरिक लोकतंत्र नहीं बचा है। यदि हरीश रावत जैसे वरिष्ठ नेता को भी यात्रा निकालने को लेकर पार्टी स्तर पर रोक-टोक का सामना करना पड़ रहा है तो सामान्य कार्यकर्ता की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में विचारों का असमंजस और संगठन में गुटबाजी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा घटनाक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी की ओर से हरीश रावत की यात्रा को लेकर सामने आया पत्र पार्टी के भीतर मतभेदों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई खेमे हैं और फिलहाल हरीश रावत और गणेश गोदियाल से जुड़े दो प्रमुख गुट दिखाई दे रहे हैं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ कांग्रेस में गुटबाजी और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंतरिक मामला है कि पार्टी नेतृत्व इन गुटों पर कितना नियंत्रण कर पाता है। हरीश रावत को जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह अब दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व की ओर से दबाव बनाए जाने की स्थिति को रावत को समझना चाहिए। भट्ट ने यह भी कहा कि उनके अनुसार कांग्रेस में रावत का सम्मान कम हुआ है और उन्हें राजनीति से संन्यास लेने पर विचार करना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं को बोलने और यात्रा के माध्यम से संवाद करने की स्वतंत्रता नहीं देती, वह लोकतंत्र की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के संगठनात्मक हालात को देख रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस अपनी हार का ठीकरा ईवीएम, एसआईआर और चुनाव आयोग पर फोड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.