आइची-नगोया, 25 सितंबर । भारतीय लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एशियाई खेल-2026 में पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपने पिछले प्रदर्शन में सुधार किया।
टॉप्स कोर एथलीट गुलवीर ने फाइनल में 28:29.38 मिनट का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।
बहरीन के बिरहानु बालेव ने 28:27.51 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि बहरीन के ही अल्बर्ट किप्टू ने 28:34.38 मिनट के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
गुलवीर के रजत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों की पुरुषों की 10,000 मीटर स्पर्धा में पदक जीता है। पिछले संस्करण में भारत ने इस स्पर्धा में रजत और कांस्य दोनों पदक जीते थे।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिरसा गांव के रहने वाले गुलवीर सिंह भारतीय सेना में नायब सूबेदार हैं। 2018 में ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में शामिल होने के बाद उन्होंने सेना के साथ-साथ एथलेटिक्स में भी अपनी पहचान बनाई। शुरुआत में वह सेना में भर्ती की तैयारी के दौरान गांव की सड़कों और खेतों की पगडंडियों पर दौड़ लगाते थे।
गुलवीर ने 2023 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। 2025 में उन्होंने गुमी, दक्षिण कोरिया में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी क्षमता साबित की।
गुलवीर के नाम 5000 मीटर, 10,000 मीटर, एक मील और हाफ मैराथन में भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। 2025 में वह चार मिनट से कम समय में एक मील दौड़ने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने 3:55.63 मिनट का समय निकाला। इसी साल उन्होंने 59:42 मिनट में हाफ मैराथन पूरा कर एक घंटे से कम समय में इसे पूरा करने वाले पहले भारतीय का रिकॉर्ड बनाया।
उन्होंने इनडोर 5000 मीटर में 12:59.77 मिनट का समय निकालकर 13 मिनट से कम समय में दौड़ पूरी करने वाले पहले एशियाई एथलीट बनने का गौरव भी हासिल किया और एशियाई रिकॉर्ड बनाया।
गुलवीर नियमित रूप से अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स स्थित हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में प्रशिक्षण लेते हैं। उनके प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पदकों में 2022 एशियाई खेलों का 10,000 मीटर कांस्य, 2025 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 5000 और 10,000 मीटर के स्वर्ण पदक तथा 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के 10,000 मीटर के रजत और 5000 मीटर के कांस्य पदक शामिल हैं।