अल्मोड़ा, 23 सितंबर । मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा और विसर्जन के साथ बुधवार को अल्मोड़ा का प्रसिद्ध नंदा देवी मेला संपन्न हो गया। देर शाम मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच प्रतिमाओं को नगर भ्रमण कराया गया।
शोभायात्रा नंदा देवी मंदिर की परिक्रमा के बाद निर्धारित मार्ग से बाजार पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां नंदा-सुनंदा के दर्शन किए और अक्षत-पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। कई श्रद्धालु मां की विदाई के दौरान भावुक भी नजर आए और अगले वर्ष फिर दर्शन देने की प्रार्थना की।
इससे पहले दोपहर करीब एक बजे चंद वंशज युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह ने मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं को विदाई दी।
मंदिर और बाजार क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
देर शाम शोभायात्रा के दुगालखोला नौले पहुंचने के बाद मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इसके साथ ही कई दिनों से चल रहे नंदा देवी मेले का औपचारिक समापन हो गया।