भाजपा ने कांग्रेस की ‘चार्जशीट’ पर उठाए सवाल

देहरादून, 22 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की ओर से जारी की गई कथित चार्जशीट पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष जिन मुद्दों को लेकर सरकार को घेर रहा है, उन्हीं मुद्दों पर कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगते रहे हैं।

महेंद्र भट्ट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास और जनकल्याण के काम हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने पारदर्शी तरीके से 37 हजार नौकरियां दी हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं और नकल माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

महेंद्र भट्ट ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहा कि धामी सरकार में गलत कार्यों में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में खनन और अन्य मामलों को लेकर भी आरोप लगाए। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ अपराध और महिला विरोधी होने जैसे आरोप तथ्यों से परे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों में खनन, भ्रष्टाचार, अपराध और भर्ती घोटाले जैसे मुद्दे शामिल हैं, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में इन्हीं विषयों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण और प्रदेश की सामाजिक परिस्थितियों को लेकर भी निशाना साधा।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की राजनीतिक सक्रियता के सवाल पर भट्ट ने कहा कि भाजपा को उनकी सक्रियता से कोई परेशानी नहीं है और पार्टी उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती है। उन्होंने कहा कि रावत को राजनीति से इतर राज्य और देशहित में सकारात्मक सामाजिक योगदान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.