भीलवाड़ा में सीने में दर्द के बाद ट्रक चालक की मौत

भीलवाड़ा, 20 सितंबर । जयपुर-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नानकपुरा गुरुद्वारे के सामने रविवार को सीने में दर्द के बाद एक ट्रक चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा।

नानकपुरा पुलिस चौकी के कांस्टेबल देवेंद्र सिंह के अनुसार कुलविंदर सिंह (55) पुत्र भजन सिंह, निवासी फिल्लौर बुंडाला, जालंधर (पंजाब), पुणे से ट्रक लेकर लुधियाना जा रहे थे। रविवार दोपहर करीब तीन बजे नानकपुरा गुरुद्वारे के पास उनके सीने में दर्द हुआ। इसके बाद उन्होंने ट्रक को हाईवे किनारे खड़ा किया और गुरुद्वारे के सामने स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेने के लिए पैदल जाने लगे।

मेडिकल स्टोर पहुंचने से पहले ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े। राहगीरों ने उन्हें संभाला और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर 108 एंबुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत और मेल नर्स सतवीर सिंह मौके पर पहुंचे और चालक को मांडल उप जिला चिकित्सालय ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मेल नर्स सतवीर सिंह के अनुसार प्राथमिक जांच में मौत का संभावित कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को मांडल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.