मथानिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने हारी कैंडिडेट को बनाया प्रत्याशी

जोधपुर, 16 सितम्बर । मथानिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को नामांकन भरे गए। वार्ड 11 से कांग्रेस की लीला देवी और भाजपा की इंद्रा देवी ने अपने पर्चे जमा किए। यह पद अनुसूचित जाति (एससी) महिला के लिए तय है।

खास बात यह है कि इंद्रा देवी वार्ड 11 से ही चुनाव में लीला देवी से हार गई थीं। इसके बाद भी भाजपा के पास कोई एससी महिला पार्षद नहीं होने की वजह से इंद्रा देवी को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है। मथानिया नगर पालिका के 25 वार्डों में कांग्रेस ने 16, भाजपा ने 7 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 2 सीटें जीती हैं। कांग्रेस के पांच एससी पार्षदों में चार महिलाएं वार्ड 1 की ममता मेघवाल, वार्ड 11 की लीला देवी, वार्ड 19 की शारदा देवी और वार्ड 25 की बाया परिहार है।

तिंवरी में भाजपा से लक्ष्मण कालकर और कांग्रेस से चंपालाल कटारिया ने किया नामांकन

तिंवरी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के आखिरी दिन 2 नामांकन जमा हुए। भाजपा ने लक्ष्मण कालकर और कांग्रेस ने चंपालाल कटारिया को अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है। तिंवरी नगर पालिका में कुल 25 पार्षद हैं। चुनाव परिणाम में भाजपा के 13, कांग्रेस के 11 और निर्दलीय के 1 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। अध्यक्ष बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 13 पार्षद है।

पीपाड नगरपालिका में भाजपा से मनु कच्छवाहा अध्यक्ष पद प्रत्याशी

भाजपा ने पीपाड नगरपालिका से मनु कच्छवाहा को अध्यक्ष पद प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया है। मनु कच्छवाहा पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह कच्छवाहा की पुत्रवधू और मंडल अध्यक्ष आदित्य की पत्नी हैं। भाजपा ने नगरपालिका के 35 में 16 वार्ड में जीत हासिल की है। यहां चार निर्दलीयों ने भाजपा का समर्थन किया है। ऐसे में भाजपा बोर्ड बनने के आसार है। कांग्रेस 15 सीटों पर जीती है।

बालेसर में भाजपा से निरमा सांखला अध्यक्ष पद प्रत्याशी

बालेसर से निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने निरमा सांखला को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उनका नामांकन शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने खुद साथ जाकर करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.