किंशासा (कांगो) । अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से में स्थित बुकावु शहर में लगी आग में कम से कम 27 बच्चों (19 लड़कियां और 8 लड़के) की मौत हो गई । आग में 300 घर और दो स्कूल राख हो गए। सुद-किवु प्रांत की राजधानी बुकावु पर रवांडा की सेना और उसके एम23 मिलिशिया का कब्जा है। कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की आधिकारिक सरकारी समाचार एजेंसी ‘एजेंस कांगोलीज डी प्रेसे (एसीपी)’ की 10 सितंबर को प्रसारित रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
एसीपी ने कहा कि अस्पताल और स्कूल के सूत्रों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, 29 लोग घायल भी हुए हैं। इनमें से 17 का इलाज कदुतु जनरल हॉस्पिटल में और 12 का कदुतु प्रोविंशियल जनरल रेफरल हॉस्पिटल में चल रहा है। स्कूल के सूत्रों के अनुसार, 300 से ज्यादा घरों में आग लगा दी गई। दो स्कूल – बागीरा कम्यून में ईपी मोसाला और कदुतु कम्यून में ईपी नोंगों भी प्रभावित हुए हैं। आग कैसे लगी, इसके सही कारणों का तुरंत पता नहीं चल सका।
सूत्रों ने बताया कि आग तीन सड़कों – काशेके, लुगुलु और एलिला तक फैल गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “हमें नहीं पता कि बुकावु में क्या हो रहा है। एक महीने के अंदर आग लगने की 18 घटनाओं में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हमें सरकार की मदद की जरूरत है। स्कूल का नया सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में हमें नहीं पता कि हम बच्चों के साथ रात कहां बिताएंगे।”