शिवपुरी की ह्यूल नदी में डूबा बंजी जंपिंग का कर्मचारी, रेस्क्यू जारी

नई टिहरी, 09 सितंबर । टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना के अंतर्गत शिवपुरी में ह्यूल नदी में एक व्यक्ति बह गया। जिसकी खोजबीन के लिए एसडीआरएफ और जल पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। एसडीआरएफ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बुधवार अपराह्न करीब सवा 3 बजे थाना मुनिकीरेती के अंतर्गत शिवपुरी स्थित हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी के बहने की सूचना मिली। एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में टीम ने रेस्क्यू व सर्च उपकरणों के साथ तत्काल अभियान चलाया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत दो कर्मचारी हरीश उनियाल (34) पुत्र परमानंद उनियाल हाल निवासी चौदह बीघा, ऋषिकेश मूल निवासी चाका थाना नरेंद्रनगर और बलजीत सिंह (40) नरेंद्र सिंह नेगी निवासी आलमबाग, लखनऊ साप्ताहिक अवकाश पर थे। दोनों कर्मचारी शिवपुरी में चौकी के नीचे ह्यूल नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान हरीश उनियाल अचानक अपना संतुलन खो बैठे और नदी की तेज बहाव वाली धारा में बहने लगे। साथी बलजीत सिंह ने तत्काल इसकी सूचना दी। एसडीआरएफ और जल पुलिस की ओर से लगातार नदी में सर्च अभियान चलाने पर भी कोई सफलता नहीं मिल पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.