मस्कट से जयपुर पहुंचते ही पकड़ा गया भगोड़ा आरोपी

जयपुर, 05 सितंबर । जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन जांच के दौरान शुक्रवार सुबह लुक-आउट सर्कुलर वाले एक आरोपित को पकड़ लिया गया। मस्कट से जयपुर पहुंचे आरोपित की पहचान दस्तावेजों की जांच के दौरान सिस्टम में आए अलर्ट से हुई। आरोपित पिछले करीब दो साल से फरार चल रहा था।

एयरपोर्ट थानाधिकारी विनोद कुमार के अनुसार आरोपित सवाई माधोपुर के सुरवाल गांव निवासी शाहरुख (32) पुत्र मोहम्मद हुसैन है। वह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे मस्कट से उड़ान के जरिए जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पहुंचा था। इमीग्रेशन काउंटर पर दस्तावेजों की जांच के दौरान सिस्टम में उसके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर का अलर्ट आया। इसके बाद इमीग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर सत्यापन किया।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में शाहरुख के खिलाफ सवाई माधोपुर महिला थाने में आपराधिक मामला दर्ज हुआ था। मामला दर्ज होने के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और विदेश चला गया था। आरोपित के फरार होने के चलते उसके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया था।

इमीग्रेशन अधिकारियों ने प्रारंभिक पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आरोपित को जयपुर एयरपोर्ट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद जयपुर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे सवाई माधोपुर पुलिस टीम के हवाले कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.