केजरीवाल ने सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर किया नमन, देशवासियों को शिक्षक दिवस की दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 05 सितंबर । आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देशवासियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए सभी देशवासियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वह शिक्षकों को सर्वोच्च सम्मान देते हैं।

केजरीवाल ने कहा कि शिक्षकों के प्रति उनके मन में बहुत सम्मान है। उन्होंने दिल्ली और पंजाब के सरकारी स्कूलों के कायापलट में शिक्षकों के सबसे बड़े योगदान का श्रेय दिया।

केजरीवाल ने कहा कि हालांकि छात्रों के लिए सरकार बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार कर सकती है, लेकिन शिक्षक छात्रों के लिए एक मजबूत नींव प्रदान करते हैं।

उल्लेखनीय है कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 में आंध्र प्रदेश के एक छोटे से शहर में हुआ था। वह एक प्रतिष्ठित विद्वान, दार्शनिक और राजनेता थे। उन्होंने 13 मई 1962 से 13 मई 1967 तक भारत के दूसरे राष्ट्रपति के रूप में अपना कार्यकाल संभाला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.