नूंह, 27 अगस्त । हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार और उपायुक्त अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए जिला एवं उपमंडल स्तर पर नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रैंस हॉल में जिला स्तरीय समाधान शिविर आयोजित किया गया। वहीं, उपमंडल स्तर पर फिरोजपुर-झिरका में एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई, लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी पात्र नागरिक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं के लाभ से वंचित न रहे। यदि किसी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ लेने अथवा सरकारी सेवा प्राप्त करने में परेशानी आती है तो उसका समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में उसका निस्तारण किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निपटाया जाए। वहीं, जिन मामलों में संबंधित विभाग की रिपोर्ट या अतिरिक्त कार्रवाई जरूरी है, उनकी नियमित निगरानी कर जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों पर प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एक ही स्थान पर सुनी जाती हैं और उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन आमजन को सुशासन उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कर रहा है। इससे प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों में कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें नूंह में 6, फिरोजपुर-झिरका में 7, तावड़ू में 3 और पुन्हाना में 6 शिकायतें शामिल हैं। संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र एवं नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।