विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

हमीरपुर, 26 अगस्त । उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के दीवानपुरा इलाके में एक 26 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान दीवानपुरा निवासी नंदिनी पत्नी रोहित के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, नंदिनी घर के एक कमरे में थी। कुछ देर बाद जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली। यह दृश्य देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर सीएचसी राठ लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही राठ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

परिजनों के अनुसार नंदिनी की शादी करीब दो वर्ष पहले रोहित के साथ हुई थी। उसका मायका झांसी जिले के गुरसरांय क्षेत्र के सेमरी गांव में है। घटना की सूचना मायके पक्ष के लोगों को दे दी गई है। राठ कोतवाल अनूप कुमार ने बुधवार को बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.