रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास सड़क हादसे में दरोगा की मौत, सिपाही गंभीर

अयोध्या, 19 अगस्त । उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पूराकलंदर थाना क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास मंगलवार देर रात गश्त के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुलिसकर्मियों की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव की मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि पूराकलंदर थाना क्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षक आकाश यादव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार देर रात कार से गश्त पर निकले थे। रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास उनकी कार गिट्टी लदे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिसकर्मियों की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने 28 वर्षीय उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया। वह मूल रूप से जौनपुर जनपद के रहने वाले थे। वहीं 27 वर्षीय कांस्टेबल प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर पहुंचकर घायल कांस्टेबल के इलाज की स्थिति जानी तथा बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.