पुलिस मुठभेड़ में वांछित आरोपित गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

नैनीताल, 16 अगस्त । नैनीताल जनपद के रामनगर क्षेत्र में 15 से अधिक अभियोगों में वांछित आरोपित चंदन सागर और पुलिस के बीच मुठभेड़ की घटना हुई है। मुठभेड़ में आरोपित पुलिस की जवाबी गोलीबारी में घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पीछा करने के दौरान पुलिस दल पर तीन राउंड गोलीबारी की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गयी जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में भर्ती कराया गया है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली रामनगर में गत 11 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 190(3) और 351 के तहत दर्ज अभियोग में वांछित आरोपित चंदन सागर पुत्र स्व. छत्रपाल सिंह निवासी शिवलालपुर लूटाबड़ की तलाश की जा रही थी। इधर पुलिस दल को सूचना मिली कि आरोपित अपने घर पर मौजूद है। पुलिस के पहुंचने पर वह मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पीछा करते हुए हाथीडगर वन चौकी के पास आरोपित ने पुलिस दल पर एक राउंड गोली चलाई और मालधन की ओर भाग गया।

सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और 64 नंबर गेट से मालधन जाने वाले जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार घिरने पर आरोपित ने जान से मारने की नीयत से दो और राउंड गोलीबारी की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह एक पेड़ के नीचे गिर गया। पुलिस ने उसे तत्काल सरकारी वाहन से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया। पुलिस के अनुसार चंदन सागर पर लगभग 15 अभियोग दर्ज हैं तथा उसके विरुद्ध गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। बरामद हथियार और घटना में प्रयुक्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.