आवाहन अखाड़े में महंत किशनपुरी बने नए थानापति, किशन गिरि ने सौंपा कार्यभार

हरिद्वार, 16 अगस्त । श्री पंचदशनाम आवाहन अखाड़ा, हरिद्वार में थानापति पद के कार्यभार का हस्तांतरण किया गया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में 13 मढ़ियों से संबंधित अखाड़ा व्यवस्था के तहत महंत किशन गिरि ने अपनी 18 माह की सेवा पूर्ण करने के बाद अपना कार्यभार महंत किशनपुरी को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार प्रयागराज कुंभ मेला 2025 के बाद हरिद्वार स्थित अखाड़े के संचालन के लिए 13 मढ़ियों में से निर्धारित चार थानापतियों की व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक थानापति के लिए 18 माह की सेवा अवधि निर्धारित की गई है। इसी क्रम में प्रथम सेवा पूरी करने वाले 13 मढ़ी के महंत किशन गिरि ने रविवार को अपना कार्यकाल पूर्ण किया। कार्यक्रम के दौरान महंत किशन गिरि ने थानापति पद का कार्यभार 16 मढ़ी के महंत किशनपुरी को सौंपा। महंत किशनपुरी आगामी 18 माह तक थानापति के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। निर्धारित कार्यकाल पूर्ण होने के बाद वह परंपरा के अनुसार अगले थानापति को कार्यभार सौंपेंगे।

कार्यभार हस्तांतरण के दौरान अखाड़े में पूर्व थानापति को सौंपे गए सामान तथा उनके कार्यकाल में बढ़ाए गए सामान का भी मिलान कर सूची तैयार की गई। इसके बाद अखाड़े के महंतों एवं प्रमुख संतों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से सेवा और जिम्मेदारी महंत किशनपुरी को सौंप दी गई। इस अवसर पर संतों ने महंत किशनपुरी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और भगवान श्री सिद्ध गणेश से उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की प्रार्थना की। संतों ने कहा कि अखाड़े की परंपराओं, व्यवस्थाओं और अनुशासन को आगे बढ़ाने में थानापति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यक्रम में अखाड़े के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत चेतनानंद गिरि, श्रीमहंत गोपाल गिरि, श्रीमहंत थानापति रवि गिरि, महंत चांद गिरि, कोतवाल रामेश्वर गिरि, महंत कार्तिक गिरि, थानापति सत्यनारायण गिरि, महंत शेर गिरि, महंत आनंद गिरि, महंत प्रशांत पुरी, महंत गोविंद पुरी, महंत आकाश गिरि, महंत श्रवण गिरि सहित अखाड़े के अनेक संत-महंत मौजूद रहे। संतों ने निवर्तमान थानापति महंत किशन गिरि के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियों के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं, नवनियुक्त थानापति महंत किशनपुरी ने अखाड़े की परंपराओं और व्यवस्थाओं को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.