राज्यपाल का स्वतंत्रता दिवस संदेश: 1.78 लाख नियुक्तियां, 50 हजार मेगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता

जयपुर, 15 अगस्त । 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया। उन्होंने अपने संदेश में राजस्थान की विकास यात्रा और सरकार की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं।

राज्यपाल के अनुसार पचपदरा रिफाइनरी में 79 हजार 459 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। राजस्थान की अक्षय ऊर्जा क्षमता करीब 50 हजार मेगावाट हो गई है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना में 2300 से अधिक सौर परियोजनाएं स्थापित हुई हैं।

वर्तमान सरकार में 1 लाख 78 हजार से अधिक नियुक्तियां दी गईं और 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पेपर लीक मामलों में 569 आरोपी गिरफ्तार किए गए तथा एसआईटी के बाद 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के पूरी हुईं।

जल जीवन मिशन में 8789 गांवों में हर घर नल से जल पहुंचाने का काम जारी है। अब तक 15 लाख 23 हजार ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन दिए गए। ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान में 41 हजार से अधिक जल संरचनाएं बनाई गईं।

उन्हाेंने कहा, आयुष्मान आरोग्य योजना में 45.80 लाख से अधिक मरीजों को करीब 9700 करोड़ रुपए का उपचार मिला। किसानों के खेतों पर 67 हजार 400 से अधिक सोलर पंप लगाए गए। महिला सशक्तीकरण के तहत 18 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनीं और लाडो प्रोत्साहन योजना से 9 लाख से अधिक बालिकाएं लाभान्वित हुईं।

राज्यपाल ने युवाओं से संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकसित राजस्थान के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.