प्रतापगढ़ में संविदा कर्मी की पीट पीट कर हत्या

प्रतापगढ़, 14 अगस्त । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में लीलापुर थाना क्षेत्र के चमरूपुर शुक्लान गांव में गुरुवार रात करीब 10 बजे खाद एवं रसद आपूर्ति विभाग में संविदा कर्मी सौरभ विश्वकर्मा उर्फ मोनू (30) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया गया कि सौरभ का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद की खुन्नस में हमलावरों ने उसे रास्ते में घेर लिया और बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल सौरभ को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत से पहले सौरभ ने कैमरे के सामने अपने साथ हुई मारपीट की पूरी कहानी बताई थी। उसने आरोप लगाया कि बेटी के जन्म पर आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में डांस देखने के दौरान हुए विवाद की खुन्नस में उस पर हमला किया गया। सौरभ ने कथित हमलावरों के नाम भी बताए थे। उसका यह बयान अब पुलिस जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

सौरभ की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम के साथ आक्रोश का माहौल है। सूचना पर लीलापुर पुलिस मौके पर पहुंची।

अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसपी बृजनंदन राय ने बताया कि रात करीब 10 बजे सौरभ विश्वकर्मा के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.