हरिद्वार कांवड़ मेला : नौवें दिन 44 लाख से ज्यादा कांवड़ियों ने भरा गंगाजल

हरिद्वार,07 अगस्त । श्रावण मास के कांवड़ मेले में नौवें दिन हरिद्वार में शिवभक्तों की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी। नौवें दिन शुक्रवार को शाम छह बजे तक 44 लाख 38 हजार से अधिक कांवड़िये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस नियंत्रण केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक गंगाजल लेकर प्रस्थान करने वाले शिवभक्तों की कुल संख्या दो करोड़ 64 लाख को पार कर गई है। शुक्रवार को हर की पैड़ी सहित हरिद्वार के विभिन्न घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने गंगाजल भरा।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस,प्रशासन तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैदी से तैनात हैं।

कावड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने आज अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ.वी.मुरुगेशन हरिद्वार पहुंचे और उन्होंने शिव भक्तों की सुरक्षा व सुविधा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित भी मेला कंट्रोल रूम पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से निर्धारित यात्रा मार्गों का पालन करने, पुलिस एवं प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा स्वच्छ,सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.