
प्रयागराज हिंसा के मास्टरमाइंड जावेद पंप के खिलाफ बुलडोजर एक्शन को लेकर सियासी गहमागहमी बढ़ गई है. AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने इस मामले को लेकर योगी सरकार को आड़े हाथों लिया है. रविवार को गुजरात के भुज में एक कार्यक्रम के दौरान ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के CM इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बन चुके हैं कि किसी को भी दोषी करार देंगे और घर तोड़ देंगे? उन्होंने कहा कि सीएम योगी मुसलमानों को सामूहिक सजा दे रहे हैं.
जावेद पंप का जो घर तोड़ा गया है वह तथाकथित आरोपी की पत्नी के नाम है.मकान ध्वस्तीकरण के बाद यह बात सामने आई कि जिस मकान पर बुलडोजर चलाया गया, वह जावेद पंप के ससुर ने उन्हें तोहफे के तौर पर दिया था.
गुजरात के कच्छ में रैली के दौरान ओवैसी ने कहा, पीएम मोदी से अपील है कि अदालतों में ताला लगा दिया जाए। जब सीएम तय करेंगे कि मुजरिम कौन है तो कोर्ट की क्या जरूरत? उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा, आपने भारत के रूल ऑफ लॉ पर बुलडोजर चला दिया है। ओवैसी ने कहा, अजय टेनी को कुछ नहीं किया गया। अजय का घर है तो नहीं तोड़ा जाएगा, अगर फातिमा का घर है तो तोड़ा जाएगा। बताओ देश के पीएम, यह नफरत नहीं तो क्या है? उन्होंने आगे कहा, यूपी का सीएम, यूपी का चीफ जस्टिस बन चुका है। वो फैसला करेगा कि किसका घर तोड़ना है। आप एक समुदाय के घरों पर बुलडोजर चलाकर, देश के संविधान को कमजोर कर रहे हैं। अदालत को ताला लगा दो। जजों को कह दो कि अदालत न आएं।