संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने की यूक्रेन युद्ध खत्म करने की मांग

संयुक्त राष्ट्र, 24 नवंबर । संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि पी हरीश ने कहा कि यूक्रेन युद्ध खत्म होना चाहिए। काला सागर में जहाजों और खाद्य की आपूर्ति सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कहा कि यूक्रेन युद्ध पांचवें वर्ष में पहुंच चुका है। इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है।

भारत के स्थाई प्रतिनिधि पी हरीश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि दुनिया को “कभी न खत्म होने वाले युद्ध” से आगे बढ़कर “युद्ध के अंत” की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत और काला सागर क्षेत्र मिलकर दुनिया के करीब 20 फीसद अनाज का उत्पादन करते हैं। रूस और यूक्रेन दुनिया के गेहूं, मक्का और जौ के कुल निर्यात में करीब 25 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखते हैं।

पी हरीश ने कहा कि युद्ध से खाद्य, ईंधन और उर्वरक संकट बढ़ा है। इससे विकासशील देश (ग्लोबल साउथ के देश) सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने भारत के 1943 के बंगाल अकाल का जिक्र किया, जिसमें 30 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। उन्होंने इस अवसर पर काला सागर में जहाजों पर हमलों में अब तक चार भारतीय नाविकों की मौत और दो लापता होने का जिक्र किया।

भारत ने वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमले तत्काल रोकने की मांग की। हरीश ने कहा कि भारत और लाइबेरिया ने यूएन में जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स’ पहल शुरू की है। भारत ने कहा कि वह काला सागर में जहाजों की सुरक्षा और अनाज निर्यात के लिए युद्ध के दोनों पक्षों से सीधे बातचीत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.