इविवि में स्नातक प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की माइनर विषयों की परीक्षाएं 25 नवंबर से

प्रयागराज,22 नवंबर। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की माइनर विषयों की परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) पर आधारित होंगी और इनके उत्तर ओएमआर शीट पर देने होंगे। प्रत्येक परीक्षा की अवधि डेढ़ घंटे होगी। खास बात यह है कि गलत उत्तर देने या प्रश्न छोड़ने पर कोई नकारात्मक अंक नहीं काटे जाएंगे।

विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. अमित शर्मा ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से परीक्षा कार्यक्रम और विद्यार्थियों के लिए जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बीकॉम तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 25 नवंबर को दोपहर तीन से शाम 4:30 बजे तक होगी। बीए और बीएससी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा आठ दिसंबर को विषय के अनुसार सुबह नौ से 10:30 बजे अथवा दोपहर तीन से शाम 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा नौ दिसंबर को सुबह नौ से 10:30 बजे तक होगी। वहीं, बीए और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 10 दिसंबर को विषय के अनुसार सुबह नौ से 10:30 बजे अथवा दोपहर तीन से शाम 04:30 बजे तक होगी।

परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के अनुसार, प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित है। गलत उत्तर देने अथवा प्रश्न का उत्तर नहीं देने पर कोई अंक नहीं काटा जाएगा। परीक्षा केंद्र और तिथि की जानकारी विद्यार्थियों को उनके प्रवेश पत्र के अनुसार मिलेगी।

विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका में केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का इस्तेमाल करना होगा। प्रत्येक प्रश्न के लिए निर्धारित गोले को सावधानीपूर्वक भरना होगा। जेल पेन, पेंसिल, ओवरराइटिंग, मिटाने, सफेदी लगाने या खुरचने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी विद्यार्थी को कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर शीट परीक्षा पूरी होने के बाद ही निरीक्षक को सौंपकर ली जा सकेगी। विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देशों और विषयवार कार्यक्रम का अध्ययन करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.