घर के अंदर मिला महिला का शव, बरामदे में बिखरा था खून; जांच में जुटी पुलिस

औरैया, 20 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के अंदर पड़ा मिला, जबकि बरामदे में खून के निशान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए। घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, सलेमपुर निवासी पुनीता देवी (35) पत्नी हरि सिंह का शव शुक्रवार सुबह करीब सात बजे घर के अंदर मिला। बताया गया कि महिला रात में अपने पति और बेटी के साथ सो रही थी। वहीं, बेटा और बहू दूसरे कमरे में थे। सुबह जब परिजनों ने महिला को मृत अवस्था में देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान बरामदे में खून बिखरा मिलने की बात सामने आई, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार, सहार थानाध्यक्ष गणेश गुप्ता और बेला थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र कराए गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मौत के पीछे की वजह का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.