पीपा क्षत्रिय और बसेटा समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन शुक्रवार काे

जोधपुर, 19 नवम्बर । शहर में शुक्रवार को पीपा क्षत्रिय और बसेटा समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित होंगे। इस दौरान 44 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इन दो दिवसीय विवाह सम्मेलनों का आगाज आज गणेश पूजन व कलश शोभायात्रा के साथ हुआ।

पीपा क्षत्रिय समाज की ओर से 23वें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन 20 नवंबर को चोखा स्थित राधाकृष्णपुरम योजना विद्यालय एवं छात्रावास भूमि पर किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ गुरुवार को सुबह गणेश पूजन के साथ हुआ। सामूहिक विवाह समारोह में समाज के 35 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। इस अवसर पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन समिति अध्यक्ष प्रकाश चावड़ा एवं सचिव नरेश सोलंकी ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह 9 बजे सामूहिक बारात प्रस्थान करेगी। सुबह 11 बजे समाज के बंधु-भगिनियों की ओर से बारात का स्वागत किया जाएगा। दोपहर 12 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होंगे। इसके बाद सामूहिक प्रसादी का आयोजन होगा तथा शाम 5 बजे वधुओं की विदाई की जाएगी।

वहीं बसेटा (धोबी) विकास सेवा समिति के तत्वावधान में बसेटा समाज का 17वां सामूहिक विवाह समारोह 20 नवम्बर को स्थानीय गांधी मैदान सरदारपुरा, में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में समाज के 9 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। समारोह के कार्यक्रमों के तहत आज शाम राणीजी के मंदिर से गांधी मैदान तक कलश शोभायात्रा निकाली गई। समिति के अध्यक्ष सुरेश बाणिया ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में जोधपुर सहित राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और देश के अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में समाज बंधु, गणमान्य नागरिक एवं परिवारजन सम्मिलित होकर वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.