लाहौर में पुलिस ने पीटीआई के तीन नेताओं को हाई कोर्ट से बाहर निकलते ही गिरफ्तार किया

इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 18 नवंबर । कई साल से रावलपिंडी की जेल में बंद अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेता तैमूर सलीम झागरा, कामरान बंगश और इरफान सलीम को मंगलवार को पेशावर उच्च न्यायालय (हाई कोर्ट) के बाहर गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी पेशावर में रेडियो पाकिस्तान पर 9 मई को हुए हमले के सिलसिले में की गई है।

द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तारी के समय हाई कोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशंस) फरहान खान अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि तीनों नेता रेडियो पाकिस्तान हमले के मामले में आतंकवादरोधी अदालत के जमानत याचिकाएं खारिज किए जाने के बाद अंतरिम जमानत की मांग करने हाई कोर्ट पहुंचे थे। हिरासत में लिए जाने से पहले वे हाई कोर्ट के बार रूम में मौजूद थे। हाई कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत की याचिकाओं को मंजूर कर लिया था।

गौरतलब है कि रेडियो पाकिस्तान हमले के मामले में आतंकवादरोधी अदालत द्वारा मांगी गई पंजाब फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की रिपोर्ट में 9 मई 2023 की घटनाओं से जुड़े फुटेज में सलीम सहित कई पीटीआई नेताओं की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी।

लैब ने पेशावर पुलिस के अनुरोध पर एक यूएसबी डिवाइस में दी गई 16 वीडियो क्लिप की जांच की। विश्लेषण में इन नेताओं की प्रोफाइल तस्वीरों और फुटेज में दिख रहे व्यक्तियों के बीच समानताएं पाई गईं। रिपोर्ट में दो वीडियो क्लिप में छेड़छाड़ के सबूत भी मिले हैं, जो खैबर पख्तूनख्वा के पूर्व मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के अलावा इरफान सलीम से जुड़े हैं। यह फॉरेंसिक जांच 19 से 23 दिसंबर 2025 के बीच की गई।

बताया गया है कि 9 मई को अल-कादिर ट्रस्ट मामले में नेशनल अकाउंटिबिलिटी ब्यूरो के वारंट के तहत इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस ऐतिहासिक इमारत पर हमला कर दिया। खान की गिरफ्तारी से पार्टी कार्यकर्ता भड़क गए और देश के कई शहरों में सड़कों पर उतर आए। उन्होंने सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया, जिसमें सैन्य प्रतिष्ठान भी शामिल थे।

पेशावर भी उन शहरों में से एक है जहां तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शनकारियों ने रेडियो पाकिस्तान की ऐतिहासिक इमारत पर धावा बोला। जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद उन्होंने इमारत में आग लगा दी। इस भीषण आग में कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और अन्य बेशकीमती चीजें जलकर राख हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.