बिना प्रमाण पत्र सूर्या फिल्म को जारी नहीं करें किसी भी मंच पर-हाईकोर्ट

जयपुर, 16 नवंबर । राजस्थान हाईकोर्ट ने सन्नी देओल अभिनीत फिल्म सूर्या-अंत से आरंभ तक को सिनेमैटोग्राफ एक्ट के तहत प्रमाण पत्र जारी होने से पूर्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित किसी भी मंच पर प्रदर्शित नहीं करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही अदालत ने मामले में फिल्म के निर्माता को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने यह आदेश इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए।

याचिका में अधिवक्ता प्रियांशी कट्टा ने अदालत को बताया कि सूर्या-अंत से आरंभ तक फिल्म 20 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। जिसे प्री-रिलीज आधार पर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। याचिका में कहा गया कि इस फिल्म में चिकित्सकों की मानहानि की गई है और उनका नकारात्मक चरित्र चित्रण किया गया है। इससे चिकित्सकों और मरीजों के बीच सालों से बने विश्वास के रिश्ते को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा इससे चिकित्सकों की सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हो सकती है और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति हिंसा को बढ़ावा मिलने की आशंका है। याचिका में आपत्ति दर्ज की गई कि इसमें चिकित्सकों को पेशेवर नैतिकता के बजाए कमीशन से प्रेरित दिखाया गया है। याचिका में कहा गया कि उन्हें रचनात्मक आपत्ति से विरोध नहीं है, लेकिन इस अभिव्यक्ति के नाम पर चिकित्सकों और मरीजों के बीच विश्वास से समझौता न किया जाए। याचिकाकर्ता ने इस संबंध में उचित स्तर पर अभ्यावेदन पेश कर आपत्ति भी दर्ज कराई है। वहीं केन्द्र सरकार की ओर से एएसजी भरत व्यास ने कहा कि फिल्म के प्रदर्शन से पूर्व सक्षम स्तर पर देखा जाएगा और लोक व्यवस्था, शालीनता और नैतिक मानदंडों के आधार पर विचार किया जाएगा और याचिकाकर्ता की ओर से पेश अभ्यावेदन पर भी विचार किया जाएगा। जिस पर सुनवाई करते हुए एकलपीठ ने फिल्म निर्माता को नोटिस जारी करते हुए बिना प्रमाण पत्र फिल्म का प्रदर्शन नहीं करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.