बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन में वाराणसी को मिला तीसरा स्थान, देश के सभी नदियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा

वाराणसी, 11 नवम्बर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने स्वच्छता और नदी संरक्षण के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा कराए गए ‘स्वच्छ सर्वेक्षण-2025-2026 के अंतर्गत ‘बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में वाराणसी नगर निगम को देश में तीसरा स्थान (तृतीय पुरस्कार) प्राप्त हुआ है। इस सर्वेक्षण में देश भर के सभी नदियों वाले शहरों ने प्रतिभाग किया था, जिनमें से बनारस को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया।

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अवार्ड प्राप्त करने वाली टीम में प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को यह राष्ट्रीय अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस गौरवशाली क्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा भी उपस्थित रहे।

बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन की श्रेणी में वाराणसी का प्रदर्शन लगातार सराहनीय रहा है। वर्ष 2020 से लेकर अब तक आयोजित छह सर्वेक्षणों में काशी ने हमेशा देश के शीर्ष शहरों में अपनी जगह बनाई है। इस बार सिर्फ गंगा ही नहीं सभी नदियों के सर्वेक्षण में भी वाराणसी नगर निगम ने अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर अपनी स्वच्छता की परंपरा को बरकरार रखा है।

—बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन में कितने और कौन-कौन से शहर आते हैं?

केंद्रीय शहरी कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की इस श्रेणी में वे सभी शहर शामिल किए जाते हैं जो सीधे नदी के किनारे बसे हैं या जिनकी सीमा नदियों से सटी हुई है। ऐसे में इस बार प्रतिस्पर्धा केवल गंगा नदी ही नहीं देश की प्रमुख नदियों वाले शहरों से थी’

नगर आयुक्त के अनुसार,बेस्ट गंगा टाउन का चयन सामान्य स्वच्छता सर्वेक्षण से अलग और बेहद कड़े मानकों पर होता है। इसकी प्रक्रिया मुख्य रूप से तीन चरणों में पूरी होती है। दस्तावेजी मूल्यांकन होता है। नगर निगम द्वारा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), नालों की टैपिंग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के दावों के डिजिटल प्रमाण जांचे जाते हैं।

प्रत्यक्ष अवलोकन में केंद्रीय टीम बिना पूर्व सूचना के शहर में आकर गंगा घाटों, नदी के किनारों और आसपास के मोहल्लों की जमीनी हकीकत देखती है। नागरिक फीडबैक भी जरूरी है। स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों से घाटों की सफाई व सुविधाओं पर सीधा फीडबैक लिया जाता है।

सर्वेक्षण में सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा नदियों के पानी की गुणवत्ता की जांच होती है। इसके लिए स्वतंत्र एजेंसियों और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों का पालन किया जाता है। शहर में नदियों के प्रवेश बिंदु (अप-स्ट्रीम, जैसे- सामने घाट/अस्सी), शहर के मध्य (दशाश्वमेध घाट) और शहर से बाहर निकलने वाले बिंदु (डाउन-स्ट्रीम, जैसे- राजघाट/आदिकेशव घाट) से पानी के सैंपल लिए जाते हैं। प्रयोगशाला में पानी में घुलनशील ऑक्सीजन (डीओ), बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीडीओ), फीकल कोलीफॉर्म (बैक्टीरिया) और पीएच स्तर की जांच होती है। अप-स्ट्रीम और डाउन-स्ट्रीम के पानी की गुणवत्ता में अंतर न के बराबर होने पर ही शहर को पूरे अंक मिलते हैं।

घाटों की चौबीसों घंटे सफाई होती है। इसमें अस्सी से लेकर नमो घाट तक 84 से अधिक घाटों पर तीन शिफ्टों में सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था। गंगा में गिरने वाले छोटे-बड़े नालों को टैप कर उनका पानी सीधे एसटीपी तक पहुंचाना। गंगा की धारा में तैरने वाले फूल-माला, प्लास्टिक व अन्य कचरे को निकालने के लिए आधुनिक ‘ट्रैश स्कीमर’ मशीनों का निरंतर संचालन होता है। घाटों पर अर्पित किए जाने वाले फूलों व पूजन सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय अलग एकत्र कर उनसे खाद व अगरबत्ती बनाना।

‘बेस्ट गंगा टाउन’ तीसरा स्थान मिलते ही काशी में उत्सव जैसा माहौल बन गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) देखने के लिए सिगरा स्थित निगम मुख्यालय के सभागार में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। जैसे ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पुरस्कार ग्रहण किया, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा।

इस गौरवशाली क्षण के साक्षी उपसभापति नरसिंह दास सहित तमाम पार्षदगण, निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बने। उपलब्धि की खुशी में निगम मुख्यालय परिसर में जमकर ढोल-नगाड़े बजाए गए। इस जश्न में शहर की स्वच्छता की असली रीढ़ माने जाने वाले सफाई कर्मी (सफाई मित्र) भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। पुरस्कार की घोषणा होते ही निगम मुख्यालय परिसर उत्सव का केंद्र बन गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर सफाई मित्रों और कर्मचारियों ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली जैसा जश्न मनाया।

इस अवसर पर महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि गंगा घाटों की अविरलता और स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। देश भर नदियों वाले शहरों के बीच में स्थान पाना हमारी टीम की दिन-रात की मेहनत और आधुनिक स्वच्छता प्रबंधन का नतीजा है। हम आने वाले समय में तकनीक और जनसहभागिता के बल पर स्वच्छता के मानकों को और बेहतर करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.