विश्व उर्दू दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन

Press Release

उर्दू लिपि को प्रचलित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है: डॉ. सैयद अहमद खान

नई दिल्ली.विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर ‘उर्दू लिपि को प्रचलित करना के शीर्षक से एक भव्य समारोह का आयोजन ग़ालिब अकादमी बस्ती हज़रत निज़ामुद्दीन में किया गया।इस कार्यक्रम का आयोजन उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन और ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी दिल्ली में किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों की शैक्षणिक, साहित्यिक और सामाजिक हस्तियों ने भाग लिया।समारोह में उर्दू भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाली देशभर से चयनित लगभग 30 प्रमुख हस्तियों को स्मृति चिह्न, शॉल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार एवं विद्वान प्रोफेसर अब्दुल हक ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ मौलाना हकीम मुर्तजा देहलवी द्वारा पवित्र कुरआन की तिलावत से हुआ।इस अवसर पर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

प्रोफेसर अब्दुल हक ने अपने ख़िताब में कहा कि आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी नई पीढ़ी को उर्दू भाषा के महत्व से परिचित कराएं।उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी तहजीब, संस्कृति और साझा विरासत की पहचान है।उन्होंने कहा कि अल्लामा इकबाल ने अपनी शायरी के माध्यम से दुनिया को एक संदेश दिया और उर्दू भाषा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।

 

उन्होंने कहा कि उर्दू एक ऐसी भाषा है, जिसे कभी मिटाया नहीं जा सकता,इसकी सबसे मजबूत दलील यह है कि अरबी भाषा के बाद इस्लाम का इतना बड़ा इल्मी सरमाया उर्दू भाषा में मौजूद है।संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सैयद अहमद खान ने कहा कि उर्दू लिपि को प्रचलित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

उर्दू भाषा को केवल बोलने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे पढ़ने और लिखने की प्रवृत्ति भी विकसित करनी होगी।आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपनी नई पीढ़ी को उर्दू से जोड़ें और उन्हें अपनी मातृभाषा के प्रति प्रेम और लगाव का एहसास कराएं।

विश्व उर्दू दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन
विश्व उर्दू दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन

मासूम मुरादाबादी ने ‘उर्दू लिपि को प्रचलित करना के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि उर्दू की तरक्की और विकास के लिए हमें व्यावहारिक रूप से प्रयास करने होंगे।उन्होंने कहा कि जब तक नई पीढ़ी उर्दू पढ़ने और लिखने की आदत नहीं अपनाएगी, तब तक भाषा का विकास संभव नहीं है।उर्दू को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

इस अवसर पर तहसीन अली आसारवी ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, पुस्तकों और आधुनिक संचार माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग किया जाना चाहिए।बच्चों को उर्दू पढ़ने और लिखने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए, ताकि यह भाषा आने वाली पीढ़ियों में भी जीवित और समृद्ध बनी रहे।

अन्य वक्ताओं ने भी उर्दू भाषा के महत्व, उसके ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान समय में उसकी आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।वक्ताओं का कहना था कि उर्दू हमारी सांस्कृतिक पहचान है और इसका संरक्षण एवं विकास हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

समारोह में उर्दू भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार, शिक्षा, चिकित्सा तथा सामाजिक सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष डॉ. अरीज़ा अहमद खान ने कहा कि हम उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के मंच से 9 नवंबर को विश्व उर्दू दिवस मनाने की परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने सभी उर्दू प्रेमियों से अपील की कि वे इस अवसर पर विश्व उर्दू दिवस के उपलक्ष्य में यादगार कार्यक्रमों का आयोजन करें।उन्होंने कहा कि उर्दू को बढ़ावा देने के लिए हमारे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।इस अवसर पर विश्व उर्दू दिवस के संबंध में विशेष प्रस्तुतियां दी गईं और विभिन्न शैक्षणिक एवं साहित्यिक क्षेत्रों में सेवाएं देने वाली हस्तियों का उत्साहवर्धन किया गया।

उन्होंने वर्ष 1997 का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने दौर के प्रख्यात पत्रकार महफूजुर्रहमान ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया था कि जिस तरह हिंदी भाषी लोग एक दिन हिंदी दिवस मनाते हैं, उसी तरह हमें भी वर्ष में कम से कम एक बार उर्दू दिवस मनाना चाहिए।

उनकी इस पहल को अमलीजामा पहनाया गया और 9 नवंबर को अल्लामा इकबाल के जन्मदिवस के अवसर पर उर्दू दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई।धीरे-धीरे 9 नवंबर को उर्दू दिवस मनाने की यह परंपरा देशव्यापी होती चली गई और आज इसने एक महत्वपूर्ण साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान बना ली है।कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. सैयद अहमद खान के अलावा इमरान कन्नौजी, हकीम मुर्तजा, डॉ. गयास और डॉ. शकील अहमद, एडवोकेट शाह जबी काजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.