फरीदाबाद, 08 नवंबर । सोशल मीडिया प्लेटफार्म टिंडर ऐप पर दोस्ती का झांसा देकर लोगों को होटल में बुलाना, नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करना और फिर रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने रविवार काे खुलासा किया है। फरीदाबाद पुलिस ने गिरोह से जुड़ी दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आपस में मां-बेटी हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं अंडमान निकोबार, सूरत और दिल्ली-एनसीआर में भी इस तरह की वारदात कर चुकी हैं।
पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों मां-बेटी टिंडर ऐप के जरिए लोगों से संपर्क करती थी। ऐप पर दोस्ती और मिलने का प्रस्ताव देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया जाता था। इसके बाद मुलाकात के बहाने होटल में बुलाया जाता था। वहां बातचीत और मुलाकात के दौरान लोगों को नशीला पदार्थ पिलाकर उनके साथ लूटपाट की जाती थी। वारदात के बाद आरोपी महिलाएं मौके से फरार हो जाती थी। गिरोह का दूसरा तरीका भी काफी शातिराना था। पुलिस के अनुसार, महिलाएं ऐसे लोगों को निशाना बनाती थी, जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी दिखाई देती थी। इसके बाद उन्हें रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती थी। कई बार थाने में शिकायत देने या कानूनी कार्रवाई करवाने का डर दिखाकर उनसे मोटी रकम मांगी जाती थी। बदनामी और पुलिस कार्रवाई के डर से व्यक्ति पर पैसे देने का दबाव बनाया जाता था।
पूछताछ में आरोपियों ने अंडमान, सूरत और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम देने की जानकारी दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने बताया कि पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान गिरोह की अन्य वारदातों और अवैध वसूली से जुड़े मामलों का भी पता लगाया जाएगा।