गाेरखपुर : योगी आदित्यनाथ ने सपा -कांग्रेस पर जमकर किये प्रहार, बाेले- राहुल गांधी फुस्स रॉकेट, लॉन्च नहीं होने वाले

गोरखपुर, 04 नवंबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार काे कहा कि कांग्रेस, सपा सहित पूरा इंडी गठबंधन भारत की विकास व आत्मनिर्भरता की यात्रा में लगातार रोड़े अटका रहा है। कांग्रेस और उसका इंडी गठबंधन दिल्ली में अराजकता पैदा कर लोकतंत्र के लिए खतरा बना हुआ है। राहुल गांधी फुस्स रॉकेट हैं, जिनका बारूद खत्म हो चुका है, सिर्फ धुआं बचा है। कांग्रेस चाहे जितनी बार उन्हें लॉन्च कर ले, अब वह लॉन्च नहीं होने वाले।

मुख्यमंत्री योगी बुधवार को गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू करने से पहले महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नबीन का बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरक्षधरा में प्रथम आगमन पर भावपूर्ण स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, सपा और इंडी गठबंधन के दल अगर चुनाव जीतते हैं तो परिणाम उनका पुरुषार्थ होता है। और यदि जनता उनके नकारेपन के कारण जवाब दे देती है, वे हार जाते हैं तो ईवीएम पर दोष थोपना उनकी प्रवृत्ति बन गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सभी सहयोगियों को देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोकतंत्र के बारे में उपदेश वह कांग्रेस पार्टी दे रही है, जिसका इतिहास 1975 में देश में आपातकाल लगाना है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी इसके लिए देशवासियों से माफी मांगेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 01 नवंबर को कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन किया। यह सिखों पर अत्याचार को याद दिलाने वाली तारीख थी। 01 नवंबर 1984 को दिल्ली की सड़कों पर कांग्रेसियों द्वारा निर्दोष सिखों को कत्लेआम किया जा रहा था। तब भारत के अंदर हिंदू और सिख भाई-भाई के रूप में रह रहे थे, लेकिन कांग्रेस के कृत्यों के कारण इसमें किसी न किसी प्रकार से खाई पैदा हुई। देश के अंदर माहौल खराब करने का कार्य कांग्रेस ने किया था। जब देश उन निर्दोष सिखों के कत्लेआम की बरसी मना रहा था, उन परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहा था, तब कांग्रेस के लोग दिल्ली के अंदर जश्न मना कर उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की राजनीतिक लॉन्चिंग पर तंज कसते हुए कहा कि दीपावली पर कुछ रॉकेट ऐसे होते हैं, जिन्हें जलाने के बाद लोग आसमान की ओर देखते रह जाते हैं, लेकिन रॉकेट वहीं धुआं छोड़कर बुझ जाता है। राहुल गांधी की भी यही स्थिति हो चुकी है। कांग्रेस ने वर्ष 2004 में सांसद, 2007 में महासचिव, 2013 में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 2017 में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर राहुल गांधी को लॉन्च किया। इसके बाद 2019 में वह अमेठी से चुनाव हार गए। भारत जोड़ो यात्रा, न्याय यात्रा और अधिकार यात्रा से भी स्थिति नहीं बदली। राहुल गांधी 56 वर्ष के हो गए हैं, लेकिन कांग्रेस के लिए अब भी युवा हैं। अब यह युवा कभी लॉन्च नहीं होने वाला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में 44, वर्ष 2019 में 52 और वर्ष 2024 में 99 सीटें मिलीं। तीनों चुनावों में कुल 195 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा ने अकेले 2024 में 240 सीटें जीतीं। उन्होंने बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि बार-बार की हार के बावजूद कांग्रेस आत्ममंथन नहीं करती।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। कुछ लोग देश को बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका जैसा बनाने की धमकी दे रहे हैं, लेकिन नया भारत अराजकता स्वीकार नहीं करेगा। वर्ष 2017 से पहले सपा की चार सरकारों में 1500 से अधिक दंगे हुए। पर्व-त्योहारों से पहले कर्फ्यू लगना आम था। बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे। आज प्रदेश सुरक्षा और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भाजपा की पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का अभियान है।

पदयात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन अराजकता फैलाकर आमजन को गुमराह कर रहा है। एक तरफ विपक्ष अराजकता फैला रहा है, दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनकर उभरा है। पहले भारत कुछ कहता था तो दुनिया सुनती नहीं थी, लेकिन आज भारत कुछ कहता है तो दुनिया सुनती भी है और अमल भी करती है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ग्रामीण विकास कमलेश पासवान, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, एके शर्मा, दारा सिंह चौहान, अनिल कुमार, दयाशंकर सिंह, विजयलक्ष्मी गौतम, दानिश आजाद अंसारी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद संगीता यादव, अपना दल विधानमंडल दल के नेता रामनिवास वर्मा, सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर आदि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.