9 नवंबर को विश्व उर्दू दिवस की तैयारियों की समीक्षा, संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2026। उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन दिल्ली स्टेट की एक महत्वपूर्ण बैठक शेख अलीमुद्दीन असअदी की अध्यक्षता में 2540, बारात घर, बारादरी, बल्लीमारान, दिल्ली में आयोजित हुई।
बैठक में उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सैयद अहमद खान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर संगठनात्मक मामलों, आगामी गतिविधियों और उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई तथा 9 नवंबर को विश्व उर्दू दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर डॉ. नजमुस्सहर खान को उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन दिल्ली स्टेट का उपाध्यक्ष और मोहम्मद नासिर को सचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा चार जोन के लिए पहले से नियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर सहमति बनी। साथ ही उर्दू भाषा के संरक्षण और विकास के लिए उर्दू लिपि को अनिवार्य रूप से अपनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से डॉ. मुफ्ती जावेद अनवर, इंजीनियर फिरोज मुजफ्फर हनफी, शहादत अली निजामी, मोहम्मद वसीम सिद्दीकी, हकीम हाफिज मोहम्मद मुर्तजा देहलवी, मोहम्मद शारिक, मोहम्मद इमरान कन्नौजी, अब्दुल वाहिद, मोहम्मद नासिर, डॉ. नजमुस्सहर खान, हकीम अखलाक अहमद, गुलजार अहमद और मुजद्दिदुद्दीन सरवर उपस्थित रहे।
बैठक में सभी सदस्यों ने संकल्प व्यक्त किया कि उर्दू भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार तथा संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए सभी सदस्य आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करेंगे। अंत में संगठन के महासचिव इंजीनियर फिरोज मुजफ्फर हनफी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
जारीकर्ता:
मोहम्मद इमरान कन्नौजी
प्रेस सचिव, उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन, नई दिल्ली