विधान परिषद चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, डीएम ने परखी तैयारियां

मीरजापुर, 22 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदान के लिए गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया परिसर से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने रवानगी स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और मतदान कार्मिकों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से मतदान कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में खंड स्नातक निर्वाचन के लिए 30 मतदेय स्थल और 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षक निर्वाचन के लिए भी निर्धारित मतदेय स्थलों पर मतदान की व्यवस्था की गई है। सभी मतदान केंद्रों को सेक्टर बनाया गया है। यहां सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ जोनल मजिस्ट्रेट और विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।

पोलिंग पार्टियों को मतपत्र, मतपेटी सहित आवश्यक निर्वाचन सामग्री और प्रपत्र उपलब्ध कराए गए। प्रत्येक मतदेय स्थल पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है, जो अपनी रिपोर्ट प्रेक्षक को देंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया है। जिलाधिकारी ने सभी मतदान कार्मिकों को 23 अक्टूबर को समय से मतदान प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि मतदाता फोटो पहचान पत्र न होने पर मतदाता आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी या सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की मूल डिग्री/डिप्लोमा अथवा दिव्यांगता प्रमाणपत्र और यूडीआईडी कार्ड में से कोई एक मान्य दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.