कोटद्वार में 675 करोड़ से बनेगा 400 केवी विद्युत उपकेंद्र, औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार

पौड़ी गढ़वाल, 18 अक्टूबर । कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के हल्दुखाता तल्ला में 400 केवी क्षमता का विशाल विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की दिशा में पहल की गई है। लगभग 675 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित यह परियोजना पूरी होने पर उत्तराखंड के प्रमुख विद्युत उपकेंद्रों में शामिल होगी। इससे कोटद्वार सहित पौड़ी गढ़वाल जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने और औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

वर्तमान में कोटद्वार क्षेत्र को सतपुली स्थित विद्युत उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। हल्दुखाता तल्ला में प्रस्तावित नए उपकेंद्र के निर्माण से विद्युत आपूर्ति की क्षमता और गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही भविष्य में बढ़ने वाली बिजली की मांग को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण के प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव पर संबंधित विभागों की संस्तुतियां भी प्राप्त होने की बात कही गई है। परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र से सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति उपलब्ध होने से उद्योगों के संचालन में सहूलियत मिलेगी। इससे औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कोटद्वार का सर्वांगीण विकास और क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। 400 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से आमजन को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा और सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर समेत पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोटद्वार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.