केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री विजयन ने हाई काेर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर । सीपीएम नेता और केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी वीणा थैककंडियिल और उनके पति मोहम्मद रियास ने उच्चतम न्यायालय में याचिकाएं दायर की हैं। इन याचिकाओं में उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल)-एक्सलॉजिक मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया था।

सीजेआई सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ के समक्ष शुक्रवार सुबह विजयन की अपील का जिक्र किया गया। इस पर सीजेआई ने कहा कि जजों की उपलब्धता को देखते हुए कोर्ट छुट्टियों के दौरान एक पीठ गठित करने पर विचार करेगा। सीजेआई ने कहा कि अगर इस मामले की सुनवाई के लिए कोई पीठ उपलब्ध होती है तो इसे छुट्टियों के दौरान लिस्ट किया जाएगा। अन्यथा, यह मामला 26 अक्टूबर को सूचीबद्ध किया जाएगा। विजयन के वकील सिद्धार्थ लूथरा ने आज कोर्ट से आग्रह किया कि सीपीएम नेता को अंतरिम सुरक्षा दी जाए।

लूथरा ने कहा कि खतरा इसलिए है क्योंकि एफआईआर दर्ज हो चुकी है। उन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए। वरना, 82 साल के एक बुजुर्ग को हिरासत में ले लिया जाएगा, एफआईआर पहले ही दर्ज हो चुकी है। यह व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला है। अगर ऐसा नहीं होता तो वे इतनी जल्दी सुनवाई की मांग नहीं करते।

यह मामला सीएमआरएल और वीना थैककंडियिल की कंपनी ‘एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ के बीच हुए वित्तीय लेन-देन में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। ईडी का दावा है कि उसे कुछ ऐसे सबूत मिले हैं जो अपराध की ओर इशारा करते हैं और उसने ये सबूत केरल पुलिस के साथ साझा किए हैं। राज्य सरकार ने तुरंत एफआईआर दर्ज करने के बजाय मामले की शुरुआती जांच के लिए एक एसआईटी गठित करने का फैसला किया।

केएम शाजहां नामक वकील ने केरल उच्च न्यायालय में इस कदम को चुनौती दी और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। वह पूर्व मुख्यमंत्री एवं सीपीएम नेता वीएस अच्युतानंदन के नेता विपक्ष रहने के दौरान उनके अतिरिक्त सचिव रहे थे। इस पर केरल उच्च न्यायालय ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.