भाजपा में शामिल होंगे सपा के तीन विधायक, पंकज चौधरी और स्मृति ईरानी रहेंगे मौजूद

अमेठी, 13 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित मंगलम परिसर के सामने बुधवार को भाजपा का बड़ा सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रदेश सरकार के मंत्रियों समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में सपा से निष्कासित विधायक राकेश प्रताप सिंह, कालपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी और गोसाईंगंज के विधायक अभय सिंह भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का उनका फैसला किसी सौदेबाजी का नतीजा नहीं, बल्कि विचार और आस्था से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से सपा से विधायक बनते रहे हैं, लेकिन अब पार्टी में घुटन महसूस होने के कारण उन्होंने अलग रास्ता चुना है। उनका उद्देश्य विधायक बने रहना नहीं, बल्कि अमेठी में भाजपा को मजबूत करना है। राकेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के करीब 80 प्रतिशत प्रधान, बीडीसी सदस्य और पूर्व प्रधान सहित उनके 98 प्रतिशत समर्थक उनके साथ भाजपा की सदस्यता लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सपा के कई विधायक और अन्य नेता भाजपा में आना चाहते हैं, लेकिन सदस्यता के लिए पार्टी की राष्ट्रीय जॉइनिंग कमेटी की अनुमति जरूरी है। उन्होंने बताया कि क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा में शामिल होने का निर्णय लेने तक करीब ढाई साल तक मंथन चला। उनके मुताबिक, समर्थकों से चर्चा के बाद भाजपा में जाने पर सहमति बनी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा देश की मजबूती, विकास और प्रदेश को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है।

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राकेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि भाजपा अमेठी की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन और जनता की ताकत के दम पर भाजपा प्रत्याशी 50 हजार मतों के अंतर से जीत सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.